बगहा। संवाददाता।भैरोगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को अपराधियों ने उपमुखिया अशोक दास समेत दो लोगों को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, भैरोगंज के उपमुखिया अशोक दास और वार्ड पार्षद के पति राधेश्याम राम को अपराधियों ने गोली मारी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही भैरोगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।मौके पर पहुंचे बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि दोनों लोगों को अपराधियों ने गोली मारी है। घायलों को इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेतिया रेफर कर दिया।एसडीपीओ ने बताया कि गोलीबारी की घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी और अन्य आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
फिलहाल गोलीबारी के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।



















