बगहा। पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिले के लौकरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हरनाटांड स्थित एक निजी विद्यालय सह छात्रावास में रह रहे 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी कर्माहा टोला वार्ड-15 निवासी राज किशोर शर्मा के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय के दो शिक्षकों पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने दोनों शिक्षकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक के दादा गोपाल शर्मा ने बताया कि प्रिंस कुमार पिछले लगभग एक वर्ष से हरनाटांड स्थित कौटिल्य पब्लिक स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार सुबह विद्यालय के प्राचार्य हरेंद्र महतो ने फोन कर बताया कि बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलते ही परिजन विद्यालय पहुंचे। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक बच्चे को पास के अस्पताल ले जा रहे थे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि गुरुवार शाम विद्यालय के शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार ने बच्चों के साथ मारपीट की थी। उनका कहना है कि प्रिंस के शरीर, विशेषकर आंख और पीठ पर चोट के निशान मिले हैं। इसी आधार पर परिजन इसे सामान्य मौत नहीं, बल्कि हत्या का मामला मान रहे हैं। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने यह भी बताया कि प्रिंस के पिता गुजरात में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार को हिरासत में लिया है। उनसे घटना के संबंध में लगातार पूछताछ की जा रही है।

रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध और हत्या की आशंका से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।















