उपमुखिया अशोक दास व वार्ड सदस्य के पति पर फायरिंग का मामला; चार अन्य आरोपितों की तलाश तेज
बगहा। संवाददाता।भैरोगंज थाना क्षेत्र के कपरीका गांव स्थित कुछ सोसाइटी कॉलोनी के समीप 2 सितंबर की शाम करीब छह बजे हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उपमुखिया अशोक दास, वार्ड सदस्य के पति राधेश्याम राम समेत अन्य लोगों को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में कार्रवाई की गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया था।घटना की सूचना मिलते ही भैरोगंज थानाध्यक्ष पुलिस पदाधिकारियों एवं बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। इसके बाद राधेश्याम राम के फर्दबयान के आधार पर भैरोगंज थाना कांड संख्या 135/26 दर्ज किया गया।पुलिस अधीक्षक, बगहा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद मुन्ना दास तथा संदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में मुन्ना दास, पिता प्रेम दास, निवासी भैरोगंज वार्ड संख्या-08, थाना भैरोगंज, जिला पश्चिमी चंपारण तथा संदीप यादव, पिता रामायण यादव, निवासी भैरोगंज वार्ड संख्या-08, थाना भैरोगंज, जिला पश्चिमी चंपारण शामिल हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी की घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगहा एवं भैरोगंज थानाध्यक्ष को शेष आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। विशेष टीम तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि गोलीकांड में शामिल किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को कानून के दायरे में लाकर कार्रवाई की जाएगी।




















