रतवल-धनहा मुख्य मार्ग पर नदी थाना चेक पोस्ट के पास हुआ हादसा, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त,किसी को चोटें नहीं लगी
चौतरवा।बगहा पुलिस जिला अंतर्गत रतवल-धनहा मुख्य मार्ग पर नदी थाना चेक पोस्ट के समीप शनिवार को गिट्टी लदे ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, दुर्घटना में दोनों वाहनों पर सवार किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।मिली जानकारी के अनुसार, धनहा की ओर से आ रहा गिट्टी लदा ट्रक ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चला गया।

इसी दौरान रतवल की ओर से आ रही कार के दाहिने साइड में ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।दुर्घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना के थानाध्यक्ष दीपक कुमार प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
घटना के बाद कार मालिक और ट्रक चालक भी थाना पहुंचे।थानाध्यक्ष दीपक कुमार प्रसाद ने बताया कि दुर्घटना में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। कार मालिक और ट्रक चालक थाना पहुंचे और आपस में सुलह-समझौता कर लिया। इसके बाद मामले का निपटारा आपसी सहमति से कर दिया गया।



















