नाचराम थाना कांड में बगहा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7.65 एमएम की पिस्टल, तीन मैगजीन व 20 कारतूस बरामद
बगहा।तेलंगाना में आपराधिक घटना को अंजाम देने के बाद बगहा थाना क्षेत्र में हथियार छिपाकर रखने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 7.65 एमएम की एक पिस्टल, तीन मैगजीन तथा 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कार्रवाई बगहा पुलिस और तेलंगाना पुलिस के समन्वित प्रयास से की गई।
पुलिस के अनुसार, 02 सितंबर 2026 को तेलंगाना के नाचराम थाना पुलिस के पुलिस निरीक्षक नाचराम पीएसओ कांड संख्या 437/26 के अनुसंधान एवं उद्भेदन के सिलसिले में बगहा पहुंचे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, बगहा के निर्देश पर एसडीपीओ बगहा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में बगहा एवं चौतरवा थानाध्यक्ष सहित जिला आसूचना इकाई के पदाधिकारी एवं पुलिस बल शामिल थे।विशेष टीम ने छापामारी कर कांड के आरोपित आशीष कुमार, पिता शैलेन्द्र पटेल, ग्राम नककटोला बड़गांव, थाना बगहा, संदीप महाजन, पिता मनोज कुमार, संदीप कुमार, पिता हरियन्द्र तथा शशि कुमार, पिता हरेंद्र पटेल, थाना चौतरवा को गिरफ्तार किया।छापामारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 7.65 एमएम पिस्टल, तीन मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामद हथियार और कारतूस को पुलिस ने जब्त कर लिया है। कार्रवाई के बाद गिरफ्तार चारों आरोपितों से पूछताछ की गई।
पुलिस की ओर से बताया गया कि गिरफ्तार आरोपितों में आशीष कुमार को छोड़कर शेष तीन आरोपितों को तेलंगाना पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर नाचराम थाना कांड संख्या 437/26 में अपने साथ तेलंगाना लेकर गई है। पुलिस अब मामले में हथियार के स्रोत, आपराधिक घटना में आरोपितों की भूमिका तथा अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगहा, थानाध्यक्ष चौतरवा, थानाध्यक्ष बगहा, पुलिस निरीक्षक सृष्टि कुमारी, जिला आसूचना इकाई बगहा तथा सशस्त्र बल चौतरवा की भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से हथियार तस्करी और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है।



















