.......जनकल्याण शिविर में उमड़ी भीड़, 422 आवेदन दर्ज, लौरिया की तीन पंचायतों में 407 और नगर पंचायत के दो वार्डों में 15 आवेदन, आवास-शौचालय की मांग रही प्रमुख
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को लौरिया प्रखंड की तीन पंचायतों एवं नगर पंचायत के दो वार्डों में सहयोग सह जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर कुल 422 आवेदन सौंपे। इनमें तीन पंचायतों से 407 तथा नगर पंचायत के दो वार्डों से 15 आवेदन प्राप्त हुए। बसवरिया पराऊटोला पंचायत में 80, मठिया पंचायत में 139 और गोबरौरा पंचायत में 188 आवेदन दर्ज किए गए। नगर पंचायत के एक वार्ड से छह तथा दूसरे वार्ड से नौ आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में सबसे अधिक आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, राशन कार्ड, नल-जल योजना, नाली-गली एवं पीसीसी सड़क निर्माण से संबंधित रहे। बसवरिया पराऊटोला पंचायत के ग्रामीणों ने चार वर्षों से एसबीएम पोर्टल बंद रहने के कारण शौचालय योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्या भी प्रशासन के समक्ष रखी। प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उनका समयबद्ध निष्पादन कराया जाएगा। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश पुरी ने कहा कि नगर क्षेत्र से प्राप्त सभी आवेदनों का भी निर्धारित अवधि के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 जून से ही पंचायतों में आवेदन लेकर उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है, जिससे कई मामलों का पहले ही निष्पादन हो चुका है। शिविर के दौरान स्थापना अपर समाहर्ता अली अहमद अंसारी, बीडीओ संजीव कुमार, श्रम परिवर्तन पदाधिकारी स्तुति कुमारी, बीपीआरओ सोनाली गुप्ता, उद्यान पदाधिकारी प्रभात कुमार, विकास कुमार, इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, मठिया के मुखिया प्रतिनिधि अविनाश शेखर, बसवरिया पराऊटोला के मुखिया ई. शैलेश कुमार, गोबरौरा के मुखिया संजय पाठक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।















