बगहा। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिले की पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में लगातार कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को उन्होंने रामनगर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता और जनता के प्रति पुलिस के व्यवहार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

एसपी राजेश कुमार ने सबसे पहले थाना में लंबित कांडों की समीक्षा की और अनुसंधान अधिकारियों को पुराने मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक रूप से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। इसके साथ ही केस डायरी, अभिलेखों और अन्य संचिकाओं के रख-रखाव की भी जांच की तथा सभी दस्तावेजों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय व्यवस्था और रिकॉर्ड प्रबंधन का भी जायजा लिया गया। एसपी ने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित थाना न केवल बेहतर कार्यसंस्कृति का परिचायक है, बल्कि आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ाता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को नियमित रूप से थाना परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आम नागरिकों के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे आम लोगों का भरोसा और मजबूत हो। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। एसपी ने पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच मजबूत संवाद एवं सहयोग से ही क्षेत्र में विधि-व्यवस्था और शांति व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सकता है।

निरीक्षण के अंत में एसपी राजेश कुमार ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
















