एसडीएम प्रीति ने इस मुकाम हासिल करने में परिजनों का सहयोग बताया।
पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया प्रखंड अंतर्गत बहुअरवा पंचायत के नुनीपाकड़ गांव की बेटी प्रीति कुमारी के 70वीं बीपीएससी परीक्षा में बिहार में 78वीं रैंक हासिल कर एसडीएम पद के लिए चयनित होने पर शुक्रवार को गांव में अभूतपूर्व स्वागत हुआ। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और आरती की थाल के साथ ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन किया। सम्मान रैली में पूरा गांव उमड़ पड़ा और हर चेहरा गर्व से खिल उठा।
घर पहुंचते ही प्रीति ने सबसे पहले अपने माता-पिता को साष्टांग दंडवत प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया। यह भावुक पल देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। साधारण किसान परिवार से आने वाली प्रीति ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग, परिवार के सहयोग और सेल्फ स्टडी को दिया। उन्होंने बताया कि बिना किसी कोचिंग के चौथे प्रयास में यह सफलता मिली। 68वीं और 69वीं बीपीएससी में इंटरव्यू तक पहुंचने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी।
प्रीति ने युवाओं से कहा कि मंजिल उन्हीं को मिलती है जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से नहीं भटकते। अनुशासन, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। मुखिया प्रतिनिधि दीपु तिवारी, पूर्व मुखिया विपिन तिवारी समेत अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि किसान परिवार की बेटी ने पूरे चंपारण का मान बढ़ाया है।















