सेल टैक्स की कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग व चौतरवा पुलिस की संयुक्त जांच में खुला राज, चालक फरार

चौतरवा।बगहा पुलिस जिला के चौतरवा थाना क्षेत्र में टोस्ट बिस्कुट की आड़ में की जा रही अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। उत्पाद विभाग एवं चौतरवा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक मैजिक वाहन से 59 कार्टन में कुल 522.6 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने वाहन को जब्त कर उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को सेल टैक्स विभाग ने संदेह के आधार पर मैजिक वाहन संख्या BR05GB4836 को पकड़कर चौतरवा थाना लाया था। वाहन में टोस्ट बिस्कुट के कार्टन लदे हुए थे। इसी दौरान शाम में चौतरवा थाना को गुप्त सूचना मिली कि उक्त वाहन में बिस्कुट की आड़ में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई है।
सूचना के सत्यापन के लिए रविवार को उत्पाद इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार तथा बगहा-1 के अंचलाधिकारी रवि भूषण गौरव चौतरवा थाना पहुंचे। अंचलाधिकारी की उपस्थिति एवं निगरानी में उत्पाद विभाग तथा चौतरवा थाना प्रभारी महेश कुमार ने वाहन की सघन तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में बिस्कुट के कार्टनों के भीतर शराब होने की पुष्टि होने पर सभी कार्टनों को उतरवाकर एक-एक की जांच की गई।तलाशी के दौरान 40 कार्टन 8 PM, 2 कार्टन ब्लेंडर्स, 2 कार्टन किंगफिशर, 3 कार्टन फुल बोतल तथा 12 कार्टन हाफ बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 59 कार्टन में 522.6 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई। बरामद शराब का अनुमानित मूल्य 4 लाख 7 हजार 640 रुपये बताया गया है, जबकि बिहार में इसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी जा रही है।जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि वाहन में रखे टोस्ट बिस्कुट के सभी कार्टन एक्सपायरी थे। पुलिस का मानना है कि तस्करों ने शराब की खेप को छिपाने के उद्देश्य से एक्सपायरी बिस्कुट के कार्टनों का इस्तेमाल किया था, ताकि किसी को संदेह न हो।पुलिस ने मैजिक वाहन को जब्त कर जप्ती सूची तैयार कर ली है तथा वाहन मालिक एवं फरार चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।इस संबंध में उत्पाद इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई की गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले में संलिप्त सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















