मसान नदी किनारे बाघ ने बछड़े का किया शिकार, ग्रामीणों में दहशत फोटो रामनगर बाल्मीकि व्याघ्र परियोजना के जंगल से बाहर निकल तकरीबन दो सप्ताह से बाहर एक बाघ ने रामनगर प्रखंड के बड़ा बेलवा गांव के पास मसान नदी के किनारे बुधवार की देर शाम बछड़े को अपना शिकार बना लिया. घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भय व्याप्त है.जानकारी के अनुसार बड़ा बेलवा गांव निवासी कृष्णा यादव अपने मवेशियों को चराने के लिए मसान नदी किनारे गए थे. इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक हमला कर गाय के बछड़े को मार डाला. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.घटना की सूचना मिलते ही रघिया वन प्रक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और बाघ की ट्रैकिंग शुरू कर दी. वनकर्मी क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके.ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से बाघ रिहायशी इलाके के आसपास लगातार देखा जा रहा है. इससे लोग खेतों और नदी किनारे जाने से भी डर रहे हैं.वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अकेले जंगल या नदी किनारे नहीं जाने तथा मवेशियों को खुले में नहीं छोड़ने की अपील की है. चिऊंटहा वन क्षेत्र के पदाधिकारियों ने कहा है कि बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं.















