बगहा। चौतरवा थाना क्षेत्र के तिरहुत गंडक नहर के समीप शुक्रवार की देर रात हुए सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को चौतरवा थाना की पुलिस ने बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शनिवार को चौतरवा थाना क्षेत्र के ओलिनगर गांव निवासी मो.
कासिम बैठा के 19 वर्षीय पुत्र नौशाद अली के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता मो. कासिम ने बताया कि नौशाद मानसिक रूप से अस्वस्थ था। शुक्रवार की रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान नौशाद घर से निकलकर तिरहुत गंडक नहर की ओर चला गया।

इसी दौरान नहर के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में नौशाद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद चौतरवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सक ने जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक के पास तत्काल पहचान से जुड़ी जानकारी नहीं मिलने के कारण वह अस्पताल में अज्ञात के रूप में भर्ती रहा। शनिवार सुबह पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान नौशाद अली के रूप में की। नौशाद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
चौतरवा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायल युवक को इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच में जुटी है। परिजनों से आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान करने पर है।



















