बगहा। चौतरवा थाना क्षेत्र के बसवरिया के समीप शनिवार को तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला का पांच वर्षीय बेटा और 19 वर्षीय भांजा घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है और उसके मालिक व चालक की पहचान में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, नवलपुर थाना क्षेत्र के निमुइया गांव निवासी उपेंद्र चौरसिया की पत्नी प्रमिला देवी अपने पांच वर्षीय पुत्र रौशन कुमार और भांजे रत्नेश कुमार के साथ बाइक से श्याम हॉस्पिटल जा रही थीं। बताया गया कि उनकी छोटी बहन उषा देवी के बच्चे का ऑपरेशन हुआ था। इसी के बाद परिजन उसे देखने के लिए अस्पताल जा रहे थे।

इसी दौरान चौतरवा थाना क्षेत्र के बसवरिया के पास बाइक पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के बीच में बने बड़े गड्ढे के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क से कुछ दूरी पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल चौतरवा थाना और डायल 112 की टीम को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसआई एकतेदार अहमद और 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉ. आशीष कुमार जायसवाल ने जांच के बाद प्रमिला देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं पांच वर्षीय रौशन कुमार और 19 वर्षीय रत्नेश कुमार का इलाज किया गया। उपचार के बाद दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई।

हादसे की सूचना मिलते ही चौतरवा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भसुर रामाशीष चौरसिया ने बताया कि प्रमिला देवी अपने बेटे और भांजे के साथ अस्पताल जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

चौतरवा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-22-AU-3988 है। निबंधन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



















