बगहा। शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी ने NBS मिल्स हाई स्कूल के फील्ड का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ता पक्ष के साथ शुगर फैक्ट्री के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। दोनों पक्षों की मौजूदगी में एसडीओ ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि एक तिथि निर्धारित कर दोनों पक्षों की उपस्थिति में दोबारा जमीन की मापी कराई जाए।
एसडीओ के इस निर्देश के बाद अब दोनों पक्षों की मौजूदगी में होने वाली मापी से मैदान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

वहीं, एसडीओ चांदनी कुमारी ने मंगलपुर के समीप नदी द्वारा किए जा रहे कटाव का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंता से कटाव की स्थिति की जानकारी ली और कटाव को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई तत्काल करने का निर्देश दिया।
प्रशासन के इस निरीक्षण से जहां स्कूल मैदान से जुड़े विवाद के समाधान की उम्मीद जगी है, वहीं नदी कटाव से प्रभावित क्षेत्र में भी राहत की उम्मीद बढ़ी है।



















